राजधानी दिल्ली में आयोजित आईआरसी रोबोटिक्स लीग (आविष्कार रोबोटिक्स लीग) में राजस्थान की नन्ही बेटियां आराध्या कुमावत और दीक्षा शर्मा ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। जयपुर के प्रताप नगर स्थित कीवी किड्स एकेडमी की टीम कीवी किड्स रोबोज ने प्राइमरी कैटेगरी में विजेता का खिताब अपने नाम किया। 11 जनवरी को हुए इस फाइनल मुकाबले में कीवी किड्स रोबोज टीम ने महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की टीमों को कड़ी टक्कर देते हुए यह खिताब जीता। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे राजस्थान को गौरवान्वित किया है। टीम की दोनों सदस्य, आराध्या और दीक्षा, मात्र 7 वर्ष की हैं। इन होनहार बेटियों ने अपने आत्मविश्वास और सुदृढ़ मानसिकता से अपने रोबोट को सटीकता और समयबद्धता के साथ संचालित कर कठिन टास्क को पूरा किया। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का चैंपियन बनाया। कीवी किड्स एकेडमी के संचालक राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि हमारे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने न केवल खिताब जीता है, बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया है। मरुधरा की टीम ने आधे से अधिक राज्यों की टीमों को मात देकर यह उपलब्धि हासिल की है। यह हमारे लिए गर्व का पल है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल भी उनकी संस्था की टीम ने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल की थी। इस वर्ष का फाइनल मुकाबला दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों की रोबोटिक्स टीमों ने भाग लिया। विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और रोबोटिक्स किट देकर सम्मानित किया गया।


