भास्कर न्यूज | संगरूर नहरी पानी से वंचित मालेरकोटला, अमरगढ़ और धूरी क्षेत्र के 70 गांवों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचने की उम्मीद दिखाई देने लगी है। पंजाब सरकार की ओर से क्षेत्र में नया रजवाहा निकालने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। इसके लिए सरकार की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी किया जा चुका है। क्षेत्र के लोग पिछले लंबे समय से नहरी पानी की मांग का लेकर संघर्ष करते आ रहे थे। इसके तहत धूरी में सीएम दफ्तर के समक्ष पक्का मोर्चा तक लगाया गया था। ऐसे में लोगों में खुशी की लहर है। पंजाब सरकार के जल स्रोत विभाग की ओर से कोटला ब्रांच नहर से गुजरते माहोराणा रजवाहे को अपग्रेड कर नया रजवाहा निकालने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पंजाब सरकार की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन अनुसार 54.41 किलोमीटर लंबे रिमॉडलिंग ऑफ माहोराणा डिस्ट्रीब्यूटरी एंड कन्स्ट्रक्शन ऑफ मालेरकोटला माइनर सिस्टम के निर्माण के लिए धूरी, मालेरकोटला और अमरगढ़ के 38 गांवों की 288 एकड़ जमीन अधिग्रहण करने का फैसला किया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत 54027 एकड़ खेतों को जरूरत अनुसार नहरी पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इससे ट्यूबवेलों पर लोड कम होगा वहीं फसलों की पैदावार में भी बढ़ोतरी होगी। जिन 38 गांवों की जमीन अधिग्रहण की जानी है उनमें नारीके, गोआरा, बिंजोकी कलां, बिंजोकी खुर्द, उपल खेड़ी, मानक माजरा, मोहम्मद नगर, भैणी कलां, किशनगढ़ संगाली, संगाला, आदमपाल, बुर्ज, मुबारकपुर चुंघां, अताउल्लाहपुर, फरवाही, रूडगढ़, इसापुरा लंडा, अलीपुर खालसा, दलेलगढ़, सुआदतपुर, हथन, घनौर कलां, चांगली, घनौरी कलां, कुरम, कातरों, रामगढ़ गुलाब सिंह वाला, राम नगर छन्ना, बड़ी, गुरबख्शपुरा, बुलापुर, सेहेके, चंढीगढ़, लाडेवाल, दोलोवाल, मनवी और बड़ाला शामिल हैं। – उम्मीद है कि जल्द जमीन अधिग्रहण का काम पूरा होगा : संघर्ष कमेटी इन गांवों को नहरी पानी देने के लिए पिछले 2 वर्ष से संघर्ष कर रहे नहरी पानी प्राप्ति संघर्ष कमेटी के प्रतिनिधी जरनैल सिंह जहांगीर ने कहा कि 1882 में पंजाब के 5200 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में खेती के लिए पानी की जरूरत को पूरा किया गया था लेकिन यह क्षेत्र इससे वंचित रह गया था। जिस कारण लोग नहरी पानी को तरस रहे हैं। 11 फरवरी 2014 को बठिंडा ब्रांच नहर से 23 करोड़ की लागत से 3 रजवाहों के रखे गए नींव पत्थर तक गायब हो चुके हैं। नहरी पानी की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों की मदद से संघर्ष शुरू किया गया। धूरी में सीएम दफ्तर के सामने पक्का मोर्चा शुरू करने के बाद उन्हें जल्द ही क्षेत्र के लोगों को नहरी पानी देने का आश्वासन दिलाया गया था अब सरकार के इस नोटिफिकेशन से क्षेत्र के खेतों को नहरी पानी मिलने की उम्मीद बंधी है। उम्मीद है कि जल्द जमीन अधिग्रहण का काम पूरा होगा और लोगों की वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होगी।


