भास्कर न्यूज | लुधियाना बीआरएस नगर में संत बाबा कश्मीर सिंह भूरी वाले पहुंचे, जहां उन्होंने संगत के साथ धार्मिक विचार सांझे किए और संगत को अमर शहीद बाबा दीप सिंह जी के जन्म दिवस पर आयोजित होने वाले भव्य समागम में हाजिरी भरने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही। बाबा कश्मीर सिंह ने संगत को संबोधित करते हुए बताया कि 27 जनवरी को गुरुद्वारा अमर शहीद बाबा दीप सिंह, अमृतसर में होने वाले समागम के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां 7 मंजिला कार पार्किंग तैयार की गई है, जिसमें करीब 700 वाहन एक साथ खड़े किए जा सकेंगे। उन्होंने आगे जानकारी दी कि संगत के लिए विशाल लंगर हाल भी तैयार किया गया है, जहां एक साथ 500 संगत आराम से लंगर छक सकेगी। बाबा जी ने कहा कि सेवा और संगत ही सिख परंपरा की पहचान है और इस समागम में भाग लेकर संगत को आध्यात्मिक लाभ मिलेगा। इस अवसर पर अमरजीत सिंह और सोनिया बेदी ने भी संगत से अपील की कि वे बाबा जी की सेवा में सहयोग करें, ताकि समागम में पहुंचने वाली संगत को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि माघ महीने में साधु-संतों और संगत की सेवा करने से गुरु नानक देव जी दोगुना फल प्रदान करते हैं, इसलिए सेवा का अवसर नहीं छोड़ना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान अमरजीत सिंह की ओर से बाबा कश्मीर सिंह जी धुरी वालों को सिरोपा डालकर सम्मानित किया गया और उनसे आशीर्वाद लिया गया। संगत ने गुरबाणी विचार सुनकर आत्मिक शांति का अनुभव किया।कार्यक्रम के अंत में संगत ने समागम की सफलता के लिए अरदास की और बड़ी संख्या में संगत के अमृतसर पहुंचने का संकल्प लिया।


