बांसवाड़ा पुलिस ने मक्का बड़ा गांव में दबिश देकर एक 72 वर्षीय बुजुर्ग को अवैध अफीम डोडा-चूरा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.880 किलोग्राम डोडा-चूरा जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 हजार रुपए आंकी गई है। कसारवाड़ी थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया – पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मक्का बड़ा निवासी फुलजी (72) पुत्र दीपा डामोर अपने घर में अवैध अफीम डोडा-चूरा छिपाकर रखे हुए है और वह इसके सेवन का आदी है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी। लकड़ी के पाट के ऊपर छिपा रखा था डोडा-चूरा पुलिस ने घर की तलाशी ली तो दूसरे कमरे में लकड़ी के पाट के ऊपर रखा हुआ पीले रंग का प्लास्टिक कट्टा संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर बुजुर्ग कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद कट्टे को नीचे उतारकर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौला गया, जिसमें 2.880 किलोग्राम अफीम डोडा-चूरा पाया गया। लाइसेंस नहीं दिखा पाया, मौके पर गिरफ्तार पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस या किसी प्रकार के दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत डोडा-चूरा जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह को सौंपी गई है।


