73.80 किमी की दर से एनआरडीए ने जारी किया टेंडर:रायपुर-नवा रायपुर के बीच दौड़ेंगी 40 ई-बसें, प्रदूषण कम होगा; लाइव मॉनि​टरिंग भी

रायपुर से नवा रायपुर के बीच यात्रियों को जल्द ही आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) ने इस रूट पर 40 इलेक्ट्रिक बसें चलाने के लिए डीवी प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी को 73.80 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टेंडर जारी किया है। अब जल्द ही कंपनी को वर्कऑर्डर दिया जाएगा, जिसके बाद 6 माह के भीतर बसों का संचालन शुरू होगा। साथ ही बसों की लाइव मॉनिटरिंग भी होगी। ई-बसों के संचालन के लिए एनआरडीए चीचा क्षेत्र में एक डिपो का निर्माण कर रहा है। इसमें बसों की पार्किंग के साथ-साथ चार्जिंग स्टेशन और मेंटेनेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। टेंडर की शर्तों के अनुसार चार्जिंग प्वाइंट कंपनी द्वारा ही तैयार किए जाएंगे। एनआरडीए ने यह टेंडर 10 साल की अवधि के लिए दिया है। एनआरडीए अधिकारियों के अनुसार, ई-बसों के संचालन से रायपुर–नवा रायपुर क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर कम होगा और ईंधन पर होने वाला खर्च भी घटेगा। डीजल और सीएनजी बसों की तुलना में इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के लिए सुरक्षित हैं। फिलहाल रायपुर से नवा रायपुर के बीच बीआरटीएस की 28 बसें संचालित हो रही हैं, जो स्टेशन, शास्त्री चौक, तेलीबांधा और टाटीबंध होते हुए नवा रायपुर तक आती-जाती हैं। अभी अधिकतम किराया 45 रुपए तय ये ई-बसें सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड से लैस होंगी। इस तरह बसों की लाइव मॉनिटरिंग भी होगी। अफसरों की मानें तो नई बसों के आने के बाद डीजल बसों को धीरे-धीरे हटाया जाएगा। फिलहाल रायपुर से नवा रायपुर का अधिकतम किराया 45 रुपए है। नई बसों के आने के बाद किराया कितना होगा, यह फिलहाल तय नहीं है। लेकिन माना जा रहा है कि किराया में कोई बदलाव नहीं होगा। 6 महीने के भीतर शुरू होगा
रायपुर-नवारायपुर के बीच ई-बसें चलाने के लिए टेंडर जारी हो गया है। चीचा में डिपो निर्माण प्रक्रियाधीन है। वर्कऑर्डर जारी करने के 6 महीने के भीतर कंपनी को बसों का संचालन करना है। इससे यात्रियों को लाभ मिलेगा।
चंदन कुमार, सीईओ, एनआरडीए

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *