छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में 75 साल के बुजुर्ग ने चरित्र संदेह में अपनी 74 साल की पत्नी की लोहे की टांगी से वारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपने बेटी को फोन कर घटना की जानकारी दी। दरअसल, वर्ष 2009 में आरोपी ने पत्नी को गैर-मर्द के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। इसी शक के चलते पति ने अपनी पत्नी को मार डाला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। यह मामला राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठरकी का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, 75 साल के बुजुर्ग ठिभू केरकेट्टा खनिज विभाग अंबिकापुर में सर्वेयर के पद से रिटायर हो चुके हैं। वो अपनी 74 वर्षीय पत्नी महेश्वरी के साथ रह रहा था। मंगलवार की रात करीब 1 बजे चरित्र संदेह को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर ठिभू ने अपनी पत्नी महेश्वरी पर लोहे की टांगी से वार कर दिया। इस हमले में महेश्वरी की मौके पर मौत हो गई। आरोपी ने बेटी को फोन कर दी वारदात की जानकारी वारदात के बाद आरोपी ने अंबिकापुर में रह रही अपनी बेटी अनिता तिर्की को फोन किया और बताया कि “तेरी मां की टांगी से मारकर हत्या कर दी है”। बेटी ने तुरंत यह बात अपने भाई सुनील (उम्र 43 वर्ष) को बताई। घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर रहा सुनील सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा। आरोपी ठिभू ने दरवाजा खोला। इसके बाद सुनील ने जैसे ही कमरे की लाइट जलाई तो देखा कि उसकी मां पलंग के नीचे जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसके बाएं कान के पास गंभीर टांगी का घाव था और आसपास खून फैला हुआ था। आरोपी ने परिजनों को बताया- पत्नी को मार दिया परिजनों ने पूछताछ की तो आरोपी ठिभू ने जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। एक ही खाट पर पत्नी को ड्राइवर के साथ सोते देखा था पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी ठिभू केरकेट्टा खनिज विभाग अंबिकापुर में सर्वेयर के पद से रिटायर हो चुका है। साल 2009 में विभाग में काम करने वाला एक मार्शल वाहन ड्राइवर आरोपी के साथ ग्राम ठरकी आया था। आरोपी ने उस रात पत्नी को उसी ड्राइवर के साथ एक खाट पर साथ सोते हुए देख लिया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। इसी शक के चलते आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।


