भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले में 8वीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा सम्मान परीक्षा का आयोजन 4 जनवरी को किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि यह परीक्षाएं राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) पंजाब की ओर से आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 4 जनवरी को एनएमएमएसएस और पीएसटीएसई (कक्षा 8वीं) की संयुक्त प्रतिभा सम्मान परीक्षा तथा पीएसटीएसई (कक्षा 10वीं) की प्रतिभा सम्मान परीक्षा जिले के विभिन्न 17 परीक्षा केंद्रों पर करवाई जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि कक्षा 8वीं की संयुक्त परीक्षा में कुल 3086 विद्यार्थी शामिल होंगे, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षा में 2956 विद्यार्थी भाग लेंगे। इस तरह जिले में कुल 6 हजार से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कार्यालय की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। राजेश शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस परीक्षा के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को साबित कर सकें और आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।


