राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) को देश की सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण अकादमी चुना गया है। क्षमता निर्माण आयोग की टीम ने 9 और 10 दिसम्बर 2025 को 8 पिलर्स के कुल 43 मानकों की जांच की। आरपीए में हो रही ट्रेनिंग को नजदीक से देखा। ट्रेनिंग कर रहे युवकों-युवतियों से और इंस्ट्रक्टर से भी सवाल किए गए। ट्रेनिंग में नई तकनीक के इस्तेमाल, ट्रेनर्स की काबिलियत और अनुशासन जैसे सभी मानकों पर राजस्थान पुलिस अकादमी खरी उतरी। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… 8 पैरामीटर जिन पर खरी उतरी पुलिस अकादमी डीआईजी बोले- ट्रेनिंग के लिए दूसरे राज्यों से भी डिमांड डीआईजी प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के उपक्रम क्षमता विकास आयोग ने RPA को उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा प्रदान किया है। हमारी ट्रेनिंग पहले से ही अच्छी थी लेकिन आने वाले समय में हम लोग और भी नवाचार हमारी ट्रेनिंग को लेकर करने वाले हैं। हमारे पास देश के कोने-कोने से प्रशिक्षण के लिए डिमांड आती है। हम लोग फोर्स ही नहीं अन्य विभाग जैसे आईटी, टैक्स, एजुकेशन, पीटीआई, रेलवे की भी ट्रेनिंग करवाते हैं। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि यह सम्मान राजस्थान पुलिस के लिए एक अत्यंत गर्व का क्षण है। इस से पता चलता है कि हमारे प्रशिक्षु देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण ढांचे के तहत तैयार हो रहे हैं। डीजी ट्रेनिंग अनिल पालीवाल ने अकादमी की टीम को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आरपीए ने देश के सामने एक मिसाल कायम की है। यह दर्जा न केवल हमारी वर्तमान सफलता को दर्शाता है, बल्कि भविष्य में प्रशिक्षण पद्धतियों में नवाचार और गुणवत्ता के लिए हमें और अधिक प्रेरित करता है। आरपीए डॉयरेक्टर संजीव नार्जरी ने बताया कि हम लोग निरंतर यह प्रयास कर रहे हैं कि हमारी ट्रेनिंग का फायदा आखिरी प्रशिक्षु तक पहुंचे। पहले भी मिल चुका है सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी का गौरव सीबीसी की गठित टीम ने सभी आवश्यक दस्तावेजीकरण और मूल्यांकन प्रक्रियाओं की जांच दो दिन में पूरी की। टीम ने गहन जांच के बाद अकादमी को उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा दिया। निदेशक संजीव कुमार नार्जरी एवं टीम को प्रमाण पत्र दिया। राजस्थान पुलिस अकादमी को पहले भी तीन बार देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी का दर्जा प्राप्त हो चुका है। उस दौरान एमएचए द्वारा अकादमी की जांच की जाती थी। अकादमी में चल रही ट्रेनिंग को देश की अन्य अकादमी में चल रही ट्रेनिंग से मैच कराया जाता था। इसके बाद राजस्थान पुलिस अकादमी को सर्वश्रेष्ठ अकादमी का पुरस्कार मिला। यह पहली बार है जब सीबीसी द्वारा अकादमी के मानकों की जांच की जा रही हैं। इसमें भी राजस्थान पुलिस अकादमी ने बाजी मार के खुद के सर्वश्रेष्ठ घोषित किया।


