सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर श्री प्रेम सेवा परिवार के तत्वावधान में आध्यात्मिक कथावाचक जया किशोरी की नानी बाई का मायरा कथा व भजन कार्यक्रम 9 से 11 जनवरी तक मिनोचा कॉलोनी में होगा। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कथा व भजन होंगे। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने आयोजको के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर अग्रवाल ने आयोजन समिति को निर्देशित किया कि समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए अलग से विशेष व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया। लगभग 6000 से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आयोजन समिति की मांग पर तीनों दिनों तक यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने यातायात पुलिस एवं पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उसलापुर मुख्य मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुव्यवस्थित रखा जाएगा, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान यातायात विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए श्री प्रेम सेवा परिवार की बैठक भी हुई। आयोजन समिति ने बताया कि कथा स्थल से दूर मुख्य मार्ग से लगी भूमि पर कुल आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। जनप्रतिनिधियों व विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग पार्किंग निर्धारित की गई है, जहां आमजन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य मार्ग स्थित पार्किंग स्थल से कथा पंडाल तक बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 50 निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कथा परिसर को सीसीटीवी कैमरों से निगरानी में रखा जाएगा। मौके पर चिकित्सकों की टीम, पुलिस कंट्रोल रूम तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल भी तैनात रहेगा।


