दमोह जिले की हटा थाना पुलिस ने घने कोहरे के बीच छापेमारी कर 8 पेटी अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई रविवार की रात को पांजी गांव में की गई। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी कोहरे का फायदा उठाकर भाग निकले। हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि पांजी गांव में इस्लाम खान के घर के पास अवैध शराब उतारी जा रही है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दबिश दी और वहां से 8 पेटी शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 47,820 रुपए बताई जा रही है। कोहरे का फायदा उठाकर भागे आरोपी जिस समय पुलिस ने छापा मारा, वहां काफी घना कोहरा और अंधेरा था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी इस्लाम खान और ब्रजेश साहू उर्फ कल्लू मौके से भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है।


