जशपुरनगर| मिर्गी रोग से पीड़ित व्यक्तियों के लिए राहत भरी खबर है। बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर के तत्वावधान में आगामी 8 फरवरी, रविवार को जशपुर जिले के गम्हरिया स्थित “अघोर पीठ”, वामदेव नगर में एक विशाल निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में प्राचीन फकीरी एवं आयुर्वेदिक पद्धति के माध्यम से मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों का उपचार किया जाएगा। ट्रस्ट द्वारा बताया गया कि इस विशेष चिकित्सा पद्धति को ध्यान में रखते हुए दूर-दराज से आने वाले सभी रोगियों को 7 फरवरी, शनिवार को ही शिविर स्थल पर पहुँचना अनिवार्य होगा। शनिवार की रात्रि में रुकने वाले रोगियों एवं उनके परिजनों के लिए भोजन और विश्राम की समुचित व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क की जाएगी, ताकि मरीज बिना किसी असुविधा के उपचार प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकें। शीत ऋतु को देखते हुए ट्रस्ट ने रोगियों को पर्याप्त गर्म कपड़े और कंबल साथ लाने की सलाह दी है। गर्भवती महिलाएं इस उपचार प्रक्रिया में भाग न लें। उपचार की प्रक्रिया रविवार तड़के सुबह 4 बजे से प्रारंभ होकर सूर्योदय से पूर्व तक चलेगी। शिविर में दी जाने वाली संपूर्ण चिकित्सा सेवा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। शिविर में शामिल होने के इच्छुक व्यक्ति या उनके परिजन अग्रिम जानकारी एवं पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 7000989007, 7007256988, 9718286111 एवं 9425251701 पर संपर्क कर सकते हैं। ट्रस्ट ने निःशुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।


