8 महीने की मासूम से रिश्तेदार ने की दरिंदगी:माता-पिता को शराब पिलाकर सुलाया, फिर की वारदात; मोबाइल लोकेशन से आरोपी पकड़ा

जोधपुर में 8 महीने की मासूम के साथ उसके ही रिश्तेदार ने दरिंदगी की। आरोपी रिश्तेदार ने दुष्कर्म करने से पहले मासूम के माता-पिता को साथ बिठाकर शराब पिलाई। फिर वारदात कर फरार हो गया। मामला जोधपुर के विवेक विहार थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद दर्द से कराह रही मासूम की आवाज सुनकर उसकी मां जागी, तो बेटी को लहूलुहान हालत में पाया। इसके बाद पति को जगाया और नजदीकी हॉस्पिटल ले गए। वहां उसकी हालत को देखते हुए बच्ची को सरकारी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। देर रात डॉक्टर्स की टीम मासूम का ऑपरेशन किया। फिलहाल हालत स्थिर है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने परिजनों से प्रारंभिक जानकारी लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव के अनुसार- पीड़ित मासूम के माता-पिता मजदूरी करते हैं और थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहते हैं। बच्ची के पिता ने अपने घर में कुछ मरम्मत का कार्य कराने के लिए सुबह करीब 11 बजे अपने साढू को बुलाया था। तब वह अपने साथ शराब लेकर पहुंचा। यहां उसने काम करने के बाद साढू के साथ बैठकर शराब पीनी शुरू कर दी। कुछ देर में उसने अपनी साली को भी शराब पीने साथ बिठा लिया। नशा होने पर पति-पत्नी सो गए। इसके बाद आरोपी ने मौका पाकर मासूम के साथ दुष्कर्म किया और वहां से भाग निकला। दोपहर में नशा उतरने पर महिला नींद से जागी, तो बेटी की हालत देखकर चीख पड़ी और पति को उठाकर उसे नजदीक के हॉस्पिटल ले गई। वहां से उसे रेफर किया गया। देर शाम को हॉस्पिटल से पुलिस को मासूम के साथ दरिंदगी होने की सूचना मिली तो पुलिस भी हरकत में आई और परिवार से संपर्क कर आरोपी के मोबाइल नंबर लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *