धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित चैना का पूरा गांव में एक 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गर्भवती महिला की मौत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर मेडिकल बोर्ड का गठन कर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। 8 माह की गर्भवती महिला कृष्णा पत्नी हरिशंकर कुशवाहा की तबीयत शनिवार रात अचानक बिगड़ गई। तबीयत खराब होने पर ससुराली जन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका कृष्णा का पति हरिशंकर मार्बल का काम करता है। जो घटना के वक्त कानपुर में मजदूरों को छोड़ने गया था। महिला की मौत की सूचना मिलते ही उसका पति रात में धौलपुर वापस लौट आया। पचगांव चौकी के पुलिसकर्मी अरुण शर्मा ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। जिसका उपखंड अधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका के 8 माह का गर्भ था। जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


