शहर की 8 सड़कों को जीरो टॉलरेंस जोन बनाने की नगर निगम और लुधियाना पुलिस की मुहिम रंग लाने लगी है। नगर निगम ने फील्डगंज रोड समेत अन्य प्रमुख सड़कों पर पीली लाइन खींचकर सख्त संदेश दिया है। नगर निगम और पुलिस के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से इन सड़कों पर नजर रखी जाएगी। फील्डगंज में इस सख्ती का असर देखने को मिला है। अगर इस पीली लाइन के बाहर सामान या वाहन पार्क हुआ तो 500 से 1000 रुपये तक का चालान होगा। पुलिस और नगर निगम ने दुकानदारों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। शहर में प्रमुख बाजारों, अस्पताल जाने वाले मार्ग समेत प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या चुनौती बनी थी। खासकर फील्डगंज मार्केट से सिविल अस्पताल जाने वाले मार्ग में अतिक्रमण के कारण वाहनों की गति पर ब्रेक लग जाता था और वाहनों की कतार लगने से ट्रैफिक जाम हो जाता था। पंजाब सरकार ने जाम की समस्या को सही करने के लिए पुलिस प्रशासन और निगम अफसरों को निर्देशित किया था। लगातार निरीक्षण करेंगे ये हैं जीरो लरेंस रोड ऐसे कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी स्मार्ट सिटी के फंड से नगर निगम के जोन डी परिसर में इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) बनाया गया है। इस आईसीसीसी का उद्देश्य शहर के विभिन्न पहलुओं की मॉनीटरिंग और मैनेजमेंट करना है, जिसमें ट्रैफिक, परिवहन, बिजली, पानी और सुरक्षा शामिल है। इस सिस्टम से शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। इसके तहत 1700 कैमरों को इससे जोड़ा गया है। इस कंट्रोल रूम में लगे सॉफ्टवेयर के माध्यम से रोजाना शहर में अतिक्रमण की तस्वीरें क्लिक होती हैं और निगम अफसरों को भेजी जाती है। इन 8 सड़कों को भी इससे कनेक्ट करने की योजना पर काम चल रहा है जिससे पुलिस और निगम के कंट्रोल रूम से ही निगरानी होगी। जैसे ही पीली लाइन के बाहर कोई अतिक्रमण करेगा तो फोटो अफसरों को मिल जाएगी जिसके बाद सख्त एक्शन लिया जाएगा। दुकानदारों को हिदायत दी गई है पुलिस, निगम और प्रशासन के अफसरों ने सर्वे किया था जिसमें प्रमुख 8 सड़कों को जीरो टॉलरेंस रोड बनाने की योजना बनी थी। यह योजना धरातल पर उतर गई है और निगम ने सड़कों पर पीली लाइन खींच दी है। दुकानदारों व अन्य को हिदायत दी गई है कि इस पीली लाइन के बाहर सामान नहीं लगेगा और ना ही वाहन पार्क होंगे। इस लाइन के बाहर अतिक्रमण होने पर चालान किया जाएगा। वहीं, फील्डगंज में इस मुहिम का असर दिखने लगा है। वीरवार को फील्डगंज मार्केट में होने वाला अतिक्रमण नहीं दिखा। सड़कें खाली रहीं जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। सीपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि सुचारू यातायात के लिए 10 नई इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल्स भी उतारे हैं। शहर के 10 और व्यस्त स्थानों पर 24 घंटे ट्रैफिक कर्मी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर 40 मोटरसाइकिलों का संचालन किया जा रहा है।


