सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटर पार्ट्स चोरी के मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी का माल भी बरामद किया है। घटना 12-13 जनवरी की रात की है, जब चोरों ने कमसा स्टील प्राइवेट लिमिटेड से लगभग 8 लाख रुपए के 15 मोटर पार्ट्स चुरा लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 कटे हुए मोटर पार्ट्स, 150 किलो लोहे का बीम और एक जंग लगा हुआ मोटर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नंदकिशोर भारती उर्फ नंदू, शुकरु मुखी, शेरु मुखी उर्फ आर्यन, सुमित मुखी, आकाश सिंह, विकास यादव, संजय राम, अनंतो प्रधान, मनोज मोदी, सूरज बोदरा, तिरुपु बरला उर्फ गोमिया बरला और बिट्टू वाला शामिल हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के अनुसार, गिरोह के दो अन्य सदस्य-जुगसलाई का शब्बीर और सीकेपी का चखना अभी फरार हैं। पुलिस इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि इस गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।


