8 साल पुराने कब्जे पर चला बुलडोजर

भास्कर न्यूज | खड़गवां एमसीबी जिले के ग्राम पंचायत खड़गवां में अवैध कब्जे और भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने चिरमिरी-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित एक पट्टे की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की। भारी सुरक्षा बल के बीच जेसीबी की मदद से अवैध झोपड़ी को ध्वस्त कर दिया गया और वहां रखा सामान जब्त कर लिया गया। मामले की जड़ें वर्ष 2016-17 से जुड़ी हैं। चिरमिरी निवासी भू-स्वामी अमित सोनी (पिता जीपी सोनी) ने अपनी जमीन (खसरा नंबर 427, रकबा 0.68 हेक्टेयर) पर अवैध कब्जे की शिकायत तहसील न्यायालय और थाने में दर्ज कराई थी। अवैध कब्जाधारी महिला हसबुन (पति रशीद) ने कानूनी दांव-पेंच का सहारा लेते हुए मामले को एसडीएम और फिर सरगुजा कमिश्नर न्यायालय तक खींच लिया। 8 साल तक चली लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा ने निचली अदालतों के फैसले को सही ठहराते हुए अक्टूबर 2025 में बेदखली का अंतिम आदेश जारी किया। प्रकरण चलने के दौरान महिला द्वारा भू-स्वामी पर जमीन को औने-पौने दाम पर बेचने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। कार्रवाई का नेतृत्व कर रही तहसीलदार सिद्धी गबरेल ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह विधि सम्मत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *