8 साल से फरार-आरोपी पहचान बदलकर काट रहा था बाल:भतीजी की शादी में पहुंचा तो चढ़ा पुलिस के हत्थे; ट्रैक्टर फर्जीवाड़े का आरोपी ईनामी बदमाश यूपी से पकड़ा

ट्रैक्टरों की खरीद-फरोख्त में लाखों रुपए की धोखाधड़ी कर फरार चल रहे ₹15 हजार के ईनामी बदमाश पप्पू नाई को राजस्थान पुलिस की सीआईडी (क्राइम ब्रांच) ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बरसाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 8 सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था। सीआईडी (सीबी) की एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी ने बताया कि आरोपी पप्पू पुत्र नत्थी नाई गिरफ्तारी से बचने के लिए यूपी के अलग-अलग शहरों में अपनी पहचान छिपाकर नाई की दुकानों पर काम कर रहा था। वह साधारण जीवन जीकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करता रहा। भतीजी की शादी में पहुंचा, पुलिस ने बिछाया जाल उन्होंने बताया- पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने भाई की बेटी की शादी में शामिल होने बरसाना आया है। इसके बाद टीम ने गोवर्धन-छाता रोड पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। ट्रैक्टर सौदे में की थी लाखों की ठगी पुलिस जांच में सामने आया कि इस फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड छोटू खां था। पप्पू नाई ने उसके साथ मिलकर रोशन लाल और कालूराम मीणा से ₹8.33 लाख प्रति ट्रैक्टर की दर से सौदा किया, लेकिन केवल ₹73 हजार देकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए। आरोपियों ने न तो बैंक की किस्तें भरीं और न ही असली मालिकों को पूरी रकम दी। कूटरचित कागजात के जरिए ट्रैक्टरों को खुर्द-बुर्द कर दिया गया।
यह गिरफ्तारी एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी के निर्देशन में की गई। सब इस्पेक्टर शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने भरतपुर, अलवर और डीग क्षेत्रों में लगातार सूचनाएं जुटाकर यह कार्रवाई की। फिलहाल आरोपी को सांगानेर सदर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरी वारदातों से जुड़े कई अहम राज सामने आएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *