जिले की पल्लू थाना पुलिस ने 80 किलो अवैध डोडा पोस्त के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पल्लू थानाप्रभारी एसआई सुशील कुमार ने बताया कि एसपी अरशद अली के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान जीरो टॉलरेंस के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत एक कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार थानाप्रभारी सुशील कुमार ने पुलिस टीम सहित पल्लू-सरदारशहर मेघा हाईवे पर नाकाबंदी कर रखी थी। बिसरासर के पास पुलिस ने हरियाणा नंबर कार को आते हुए देखा तो रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने गाड़ी को मोड़ कर भगाने का प्रयास किया तो पुलिस टीम ने घेर कर ड्राइवर को रोक कर तलाशी ली तो उसके पास से 80 किलो अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया। पकड़े गए युवक की पुलिस पूछताछ में पहचान देवीलाल उर्फ देवा (41) पुत्र सोहनलाल नाई निवासी आसपालसर तहसील सरदारशहर पीएस भानीपुरा जिला चूरू के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच पीलीबंगा थानाधिकारी अशोक बिश्नोई को सौंपी गई है।


