ख्वाजा साहब की 814वें उर्स पर बड़ी संख्या में जियारत के लिए जायरीन पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ वीआईपी चादर का दौर भी जारी है। मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से दरगाह में चादर पेश की गई। रक्षा मंत्री की चादर लेकर दरगाह कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष व भाजपा नेता मुनव्वर खान पहुंचे। यहां खादिमों की ओर से उनका स्वागत किया गया। मुनव्वर खान ने रक्षा मंत्री की चादर पेश कर बुलंद दरवाजे पर राजनाथ सिंह का संदेश भी पढ़ा। इस मौके पर देश में अमन चैन शांति भाईचारा बना रहे इसे लेकर दुआ की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संदेश हर्ष का विषय है कि महानसूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती जी के 814वें उर्स का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसमें देश-विदेश के श्रद्धालु भाग लेने के लिए अजमेर शरीफ पहुंच रहे हैं। ख्वाजा साहब ने दुनिया को आपसी भेदभाव भुलाकर सौहार्दपूर्ण जीवन जीने का संदेश दिया। उर्स में सभी धर्म एवं संप्रदाय के लोग श्रद्धा भाव से शामिल होते हैं। मैं 814वें उर्स के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं एवं अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से ख्वाजा साहब के दरगाह पर अकीदत के फूल एवं चादर भेंट करता हूं। कल कांग्रेस अध्यक्ष, डिप्टी सीएम सहित अन्य की होगी चादर पेश बुधवार को ख्वाजा साहब के 814वें उर्स के मौके पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी दरगाह पहुंचेंगे। वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से चादर पेश करेंगे। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की ओर से भी कल दरगाह में चादर पेश होगी। वही भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी भी कल दरगाह जियारत कर 814वें उर्स पर चादर पेश करेंगे। (फोटो-वीडियो- नजीर कादरी)


