गुमला एसपी हरीश बिन जमा के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिशनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर बिशनपुर में एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 85 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत 4 लाख 60 हजार रुपए आंकी जा रही है। इस संबंध में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने मंगलवार को बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें डीएसपी रोड निवासी 22 वर्षीय शिवा कुमार साहू, राजा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय रोजामत अंसारी, मुरली बगीचा निवासी 22 वर्षीय दीपक चिक बड़ाईक और कोरबा, छत्तीसगढ़ की 25 वर्षीय वर्षा रानी भगत शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सभी डाल्टेनगंज से ब्राउन शुगर खरीदकर गुमला आ रहे थे पुलिस ने आरोपियों के पास से 85 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा चार मोबाइल फोन, 61 हजार रुपए नगद और कार जब्त की है। एसडीपीओ ने बताया कि ये सभी डाल्टेनगंज से ब्राउन शुगर खरीदकर गुमला आ रहे थे। तस्करी के लिए कार पर शादी का स्टिकर लगाया गया था ताकि पुलिस को शक न हो। यह ब्राउन शुगर गुमला के विभिन्न इलाकों में बेचने के लिए लाई जा रही थी, तभी बिशनपुर पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।


