भास्कर संवाददाता| विदिशा एनसीसी पीएम रैली 2026 के तहत शौर्य के कदम, क्रांति की ओर साइकिल अभियान के कैडेट्स रविवार को विदिशा पहुंचे। यह रैली पुणे से 24 दिसंबर 2025 को शुरू हुई थी। 16 जनवरी 2026 को दिल्ली पहुंचेगी। 26 जनवरी को प्रधानमंत्री द्वारा फ्लैग इन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश फैलाना है। विदिशा में 14 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल विकास गुप्ता और प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सनी वैद्य के मार्गदर्शन में कैडेट्स का भव्य स्वागत हुआ। पुलिस अधीक्षक रोहित केसवानी और ब्रिगेडियर सचिन गवली को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। रैली में एनसीसी ग्रुप अमरावती के 12 कैडेट्स और 6 सदस्यीय कोर सपोर्ट टीम शामिल हैं। अब तक 11 दिनों में लगभग 900 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं। विदिशा में गवर्नमेंट गर्ल्स पीजी कॉलेज और सेंट मैरी पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से रैली का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन रामानंद मिश्रा ने किया। संयोजन लेफ्टिनेंट डॉक्टर विनीता प्रजापति ने संभाला। अभियान में युवाओं ने देशभक्ति और अनुशासन का संदेश दिया।


