970 वरिष्ठ नागरिक करेंगे द्वारका-सोमनाथ की तीर्थयात्रा:हनुमानगढ़ जंक्शन से विशेष ट्रेन से हुए रवाना, जिले के 133 यात्री शामिल

राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के तहत मंगलवार को एक विशेष ट्रेन हनुमानगढ़ जंक्शन से रवाना हुई। यह ट्रेन द्वारका, नागेश्वर और सोमनाथ तीर्थस्थलों के लिए जा रही है। श्रीयादे माटी कला बोर्ड, राजस्थान के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष ट्रेन में कुल 970 वरिष्ठ नागरिक गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। इनमें हनुमानगढ़ जंक्शन से श्रीगंगानगर जिले के 167 और हनुमानगढ़ जिले के 133 यात्री शामिल हैं। बीकानेर रेलवे स्टेशन से 350 और जोधपुर के भक्त की कोठी रेलवे स्टेशन से 320 यात्रियों ने भी यात्रा आरंभ की। यह ट्रेन एक फरवरी को वापस हनुमानगढ़ लौटेगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक, एक डॉक्टर और दो नर्सिंग स्टाफ को तैनात किया गया है। पूरी ट्रेन वातानुकूलित है। यात्रा के दौरान भोजन, आवास और चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग द्वारा आईआरसीटीसी के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को समाज की धरोहर मानती है और उनके सम्मान व सुविधा को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सनातन संस्कृति और धार्मिक विरासत को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। इस अवसर पर भाजपा नेता अमित सहू, आशीष पारीक, हाकम सिंह गिल, विजय कौशिक, देवस्थान विभाग की निरीक्षक श्वेता चौधरी और सहायक लेखाधिकारी अजय धूड़िया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन भीष्म कौशिक ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *