30 दिसंबर को अमेरिका में 24 साल के पौते की हार्ट अटैक से मौत के बाद शव नहीं आने पर 98 साल की दादी ने सरकार से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है। दादी बोली कि उसके पौते का शव लेकर आ जाओ सरकार। मदद करो सरकार। खैरथल-तिजारा के जाट बहरोड़ गांव निवासी 24 साल के युवक विपिन चौधरी पुत्र हवा सिंह की अचानक मौत हो गई थी। वह रात को खाना खाकर सोया था। सोने से पहले मां-पिता से फोन पर बात भी की थी। लेकिन 30 दिसंबर की सुबइ बिस्तर से नहीं उठा। अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टर ने मृत बता दिया था। प्रारंभिक तौर पर साइलेंट अटैक ही माना गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ हो सकेगा। लेकिन परिवार को 30 दिसंबर को ही इकलौते बेटे की मौत का पता चल गया था। उसके बाद से घर में मातम है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर दिन बेटे के शव का इंतजार हो रहा है। लेकिन अभी अमेरिका में शव लाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। अब दो दिन का अवकाश है। शव पुलिस स्टेशन में रखा है। सोमवार व मंगलवार को प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। लेकिन अभी यह तय नहीं है कि कब तक शव भारत आ सकेगा। इधर, मृतक युवक विपिन की 98 साल की दादी बहुत परेशान है। वह सो नहीं पा रही है। हर समय पौते को याद करती है। विपिन की मां की हालत भी बहुत बिगड़ चुकी है। पिता भी खामोश हैं। परिवार में मातम छाया है। हर कोई मृतक के परिजनों का ढांढ़स बंधाने में लगा है। 2024 में अमेरिका गया था जाट बहरोड़ गांव का रहने वाला विपिन चौधरी (24) पुत्र हवा सिंह जून 2024 में जॉर्जिया गया था। इससे पहले वह पंजाब के किसी युवक के संपर्क में आया था। इसके बाद उसने अपनी करीब डेढ़ बीघा पुश्तैनी जमीन बेच दी थी। 30 से 40 लाख रुपए खर्च कर वह अमेरिका गया था। उसके बाद वह गांव कभी नहीं आया। उसकी प्लानिंग थी कि दो-तीन साल लगातार रहकर काम किया जाए ताकि ज्यादा-से-ज्यादा पैसा कमाया जा सके। उसके बाद ही घर लौटने की योजना थी।


