डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को नामकुम के खोजाटोली स्थित आर्मी ट्रेनिंग ग्राउंड में 6 जनवरी को प्रस्तावित मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। डीसी ने पदाधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम में सभी जिलों से महिला लाभुक पहुंचेंगी। एक लाख से अधिक लाभुकों के रांची आने की संभावना है। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर पूरी व्यवस्था करें। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग और रूट चार्ट तैयार करें, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बने। डीसी ने कहा कि बाहर से आने वाले सभी वाहन रिंग रोड से खरसीदाग कटियातू मोड़ से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा। वीआईपी वाहनों का प्रवेश सदाबहार चौक नामकुम से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा। इससे पहले कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर डीसी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, मंच, अतिथियों-लाभुकों के लिए भोजन व पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग आदि व्यवस्था की जानकारी ली। पर्याप्त संख्या में चलंत शौचालय की व्यवस्था एवं कार्यक्रम के दौरान व बाद में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान साफ-सफाई के लिए टीम की प्रतिनियुक्ति करें। मालूम हो कि यह समारोह पहले 28 दिसंबर को होने वाला था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन होने से 7 दिनों के राजकीय शोक के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब 6 जनवरी को मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर 56 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खाते में दिसंबर माह से बढ़ी हुई 2500 रुपए की सम्मान राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी।


