एपेक्स हॉस्पिटल, टाइम बैंक ट्रस्ट के बीच एमओयू:जनरल हेल्थ चेकअप कैंप और डॉक्टर टॉक का भी आयोजन हुआ

जयपुर के मालवीय नगर स्थित एपेक्स हॉस्पिटल ने टाइम बैंक ऑफ इंडिया ट्रस्ट के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह एमओयू त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है। इस द्विपक्षीय समझौते पर हॉस्पिटल समूह की ओर से क्लस्टर हेड ऋतुराज सिंह और ट्रस्ट की ओर से शैलेन्द्र टंडन तथा अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। ऋतुराज सिंह ने बताया कि इस साझेदारी के बाद टाइम बैंक ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों को एपेक्स हॉस्पिटल की सभी शाखाओं में विशेष छूट और अन्य रियायतों का लाभ मिल सकेगा। सिंह ने टाइम बैंक ट्रस्ट की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ट्रस्ट में व्यक्ति द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को दिया गया समय जमा होता है, जो आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय सहयोग के रूप में वापस मिल सकता है। इसका उपयोग मुख्य रूप से स्वास्थ्य आपातकाल की स्थिति में किया जाता है। एपेक्स हॉस्पिटल सामाजिक सरोकारों के ऐसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है, जिसके चलते यह साझेदारी की गई है। एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम के दौरान एक जनरल हेल्थ चेकअप कैंप और डॉक्टर टॉक का भी आयोजन किया गया। हॉस्पिटल की ओर से डॉ. विपुल खंडेलवाल और डॉ. संदीप गर्ग ने हेल्थ टॉक को संबोधित किया। हॉस्पिटल के यूनिट हेड संदीप पांचाल ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर टाइम बैंक ट्रस्ट की ओर से एस आर बंसल, अनिल कुमार खोसला सहित कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *