पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही छात्रा की मौत:भिंड में हाईवे पर दौड़ लगाते समय अज्ञात वाहन ने कुचला, युवक गंभीर घायल; 4 घंटे लगा रहा जाम

भिंड-इटावा नेशनल हाईवे 719 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। वहीं, दौड़ लगा रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देहात क्षेत्र के दावत होटल के पास हुई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 4 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। घटना बुधवार सुबह करीब 5 बजे की है। डीडी नगर निवासी श्वेता यादव (20) पुत्री रवि यादव अपनी छोटी बहन बल्ली यादव के साथ रोज की तरह पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाने हाईवे किनारे पहुंची थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से मौके पर मौत, युवक भी घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि श्वेता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसी समय दौड़ लगा रहा गांव का ही एक अन्य युवक बड़े (28) पुत्र पप्पू यादव भी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। शव रखकर लगाया जाम, 2 किमी लंबी कतारें
हादसे के बाद श्वेता की छोटी बहन रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और श्वेता का शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक चले इस जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल, ऑफिस और बाजार जाने वाले लोग परेशान होते रहे। पुलिस ने खुलवाया जाम, CCTV खंगाल रही
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब अज्ञात वाहन चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ग्रामीणों ने की स्पीड कंट्रोल की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-719 पर वाहनों की तेज रफ्तार और पुलिस निगरानी की कमी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तुरंत स्पीड कंट्रोल के उपाय करने, बैरिकेडिंग लगाने और चेकिंग प्वाइंट बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *