छतरपुर के पठापुर रोड पर मंगलवार की रात झुग्गी में सो रहे युवक पर उसके रिश्तेदारों ने हमला कर दिया। आरोप है कि एक आरोपी ने उसकी जांघ में गोली मार दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानकर जांच शुरू की है। घायल 25 वर्षीय राजू पांच साल से छतरपुर में रह रहा है। उसने बताया कि रात करीब 12:30 बजे वह मां हीरा और बहू शिवानी के साथ झुग्गी में सो रहा था। पहले मारपीट की, फिर गोली मारी इसी दौरान उसके चचेरे भाई महेश, कल्लू और उनके जीजा गजेंद्र रजक वहां पहुंचे। राजू के मुताबिक, उन्होंने पहले छोटे भाई अर्जुन को गाली देकर लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद महेश ने उसकी दाहिनी जांघ में गोली मार दी और सभी आरोपी भाग गए। पुराना जमीन विवाद, पहले भी एक केस में फंसाने का आरोप राजू का कहना है कि परिवार के साथ उसका जमीन विवाद चल रहा है। उसने यह भी दावा किया कि 2012 में उसे 15 वर्षीय लड़की के अपहरण और हत्या के मामले में झूठा फंसाया गया था। जमानत के बाद वह छतरपुर में रहने लगा। घायल के अनुसार, घटना के बाद उसने रात 12:30 बजे 112 पर कॉल किया, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद पहुंची। उसका कहना है कि पैर में अभी भी गोली फंसी है और उचित इलाज नहीं मिल पाया है। पुलिस- जिन पर आरोप हैं वे घर में सोते मिले; मामला संदिग्ध सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि युवक को गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर गोली चलाने का आरोप है, वे पुलिस के पहुंचने पर अपने घर पर सोते मिले। थाना प्रभारी के मुताबिक, पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है और इसकी गहन जांच की जा रही है।


