पूर्व सरपंच ने सरकारी जमीन हड़पी, पटवारी से साठगांठ:बिलासपुर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, जर्जर सड़क की शिकायत भी मिली

बिलासपुर में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पूर्व सरपंच रामलाल के सरकारी जमीन हड़पने के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। बेलगहना तहसील के ग्राम मोहली के मानसिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने जनदर्शन में यह शिकायत की। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि पूर्व सरपंच रामलाल ने पटवारी से साठगांठ कर कई एकड़ शासकीय भूमि अपने नाम करवा ली है। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ कोटा को जांच के निर्देश दिए हैं। इसी जनदर्शन में ग्राम पंचायत दर्रीघाट के ग्रामीणों ने भी कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने दर्रीघाट में पुराने पुल से नेशनल हाईवे तक की जर्जर सड़क की मरम्मत या नवीनीकरण की मांग की। ग्रामीणों ने शिकायत की कि यह सड़क अत्यंत जर्जर हो चुकी है। खासकर बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है। कलेक्टर ने इस मामले को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन अभियंता को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। 50 से अधिक आवेदनों के निराकरण का दावा जनदर्शन में दूर-दराज से आए लोगों ने रकबा संशोधन, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री आवास योजना, विकलांग पेंशन, सेवानिवृत्त सचिवों की अंशदायी पेंशन और अग्निकांड में हुए नुकसान के मुआवजे से संबंधित कई अन्य आवेदन भी सौंपे। अधिकारियों ने 50 से अधिक आवेदनों के निराकरण का दावा किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *