पन्ना में एक स्कूली ओमनी कार सड़क पर पड़े पत्थरों से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार तीन स्कूली छात्र घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए शाहनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सड़क पर पड़े बड़े पत्थरों से हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, यह घटना उमरिया रोड पर गुड्डू ठाकुर के खेत के पास हुई। गंगा झिरिया माध्यमिक विद्यालय बिसानी की ओमनी कार (क्रमांक एमपी-21, जेड-0210) उमरिया से स्कूली छात्र-छात्राओं को लेकर बिसानी आ रही थी। तभी सड़क पर पड़े बड़े पत्थरों के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। सभी छात्र-छात्राओं और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार सभी छात्र-छात्राओं और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए शाहनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस को सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


