कटनी में संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान की उद्देशिका का वाचन भी किया। अपर कलेक्टर मिश्रा ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को भारत के संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इसमें भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने और नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय, स्वतंत्रता और समता प्राप्त कराने का संकल्प शामिल था। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर त्रय प्रदीप कुमार मिश्रा, विंकी सिंहमारे उइके, ज्योति लिल्हारे सहित डीआईओ प्रफुल्ल श्रीवास्तव, उपसंचालक कृषि डॉ. आर.एन. पटेल, सहायक संचालक कृषि मनीष मिश्रा, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश कुमार विश्वकर्मा, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरव नामदेव और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा औपचारिक रूप से अपनाया गया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। इसी दिन को नागरिकों के बीच संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए हर साल संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिले भर के स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम पंचायतों में भी संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


