इंदौर की विधानसभा क्षेत्र-1 में रहने वाले एक कांग्रेस नेता पर मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मंगलवार रात कांग्रेस नेता ने अपने पड़ोसी के साथ विवाद किया था, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एरोड्रम पुलिस ने नीरज शर्मा, निवासी नगीन नगर, की शिकायत पर भूपेंद्र केतके उर्फ नेता के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के मामले में एफआईआर की है। नीरज ने बताया कि वह फर्नीचर का काम करता है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे वह घर पर था, तभी भूपेंद्र केतके उर्फ नेता घर के सामने आकर हमेशा की तरह बैठ गया और जोर-जोर से अपशब्द कहने लगा। नीरज ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह और तेज आवाज में चिल्लाने लगा। इस दौरान आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन भूपेंद्र नीरज को मारने के लिए दौड़ा। इसके बाद पीड़ित अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। विधानसभा क्षेत्र-1 में कांग्रेस अध्यक्ष है भूपेंद्र नीरज ने बताया कि इससे पहले भी भूपेंद्र कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है। एक बार उसने मारपीट भी की थी, लेकिन इलाके में उसकी नेतागिरी और दबदबे के कारण नीरज ने शिकायत नहीं की। नीरज के मुताबिक कांग्रेस नेता ने उससे रंजिश रखी हुई है। पुलिस ने इस मामले में जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि भूपेंद्र विधानसभा क्षेत्र-1 में कांग्रेस अध्यक्ष पद पर काबिज है।


