पंजाब पुलिस ने कार को घेरा, टूरिस्ट पर पिस्टल तानी:हरियाणा से घूमने आया था युवक, फरार बदमाश की तलाश में पहुंची थी टीम

जैसलमेर में बुधवार को पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के जवान ने टूरिस्ट पर पिस्टल तान दी। टीम ने पहले कार को घेरकर रोका। पंजाब पुलिस की टीम एक फरार आरोपी की तलाश में यहां पहुंची थी। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामला नीरज बस स्टैंड के पास का बुधवार दोपहर का है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर में फरार आरोपी के इनपुट पर पंजाब पुलिस की टीम पहुंची थी। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध कार और युवक को देखकर रोका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंजाब पुलिस की टीम सादी वर्दी में थी और गाड़ी को रुकवाने के लिए हथियार तानते हुए ऑपरेशनल तरीका अपनाया। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। लोगों को पहले समझ नहीं आया कि हथियारबंद लोग कौन है, लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई। पूछताछ के बाद छोड़ा
संदिग्ध कार को रोककर टीम ने युवक से पूछताछ की और उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने नियमानुसार कार और युवक को छोड़ दिया। घटना के बाद कोतवाली एसएचओ सुरजाराम ने बताया कि शहर में लगातार गश्त और निगरानी जारी है। उन्होंने कहा- लोगों को इस घटना से घबराने की जरूरत नहीं है। पंजाब पुलिस अपनी ऑपरेशनल जानकारी के आधार पर यहां आई थी। स्थानीय स्तर पर हालात पूरी तरह सामान्य है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर पूरा ध्यान रखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर इंटर-स्टेट पुलिस टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई करती हैं, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते नकेल कसी जा सके। घटना भले ही अचानक हुई हो, लेकिन यह एक नियमित प्रक्रिया के तहत किया गया ऑपरेशन था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *