प्रदेशभर में एक साथ हो रही समान परीक्षा की छानबीन करने माध्यमिक शिक्षा निदेशक स्वयं स्कूल पहुंच गए। दो टीचर्स एग्जाम को गंभीरता से नहीं ले रहे थे तो दोनों को हाथों हाथ कारण बताओ नोटिस देने के आदेश दिए। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट हर सप्ताह किसी न किसी सरकारी स्कूल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को देख रहे हैं। इससे पहले वो डीएलएड कॉलेज भी निरीक्षण करने पहुंचे। गंभीरता से नहीं लिया तो नोटिस दिया माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक जाट ने बुधवार को विभिन्न स्कूलों में राज्य स्तरीय समान परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। बीकानेर के पलाना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अध्यापक अमित कुमार और उप प्राचार्य राजन कुमार बगेरिया को शैक्षणिक और परीक्षा कार्य को गंभीरता से नहीं लेने और एग्जाम में उदासीनता पर निदेशक ने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान निरीक्षण में साथ चल रहे जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक किशन दान चारण को दोनों कार्मिकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश पलाना के ही राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। शिक्षा निदेशक जाट ने सभी परीक्षा प्रभारियों और संस्था प्रधानों को पूर्ण गंभीरता और प्रभावी ढंग से कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखें। समान परीक्षा में अनुपस्थित विद्यार्थियों के अभिभावकों से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर उनसे अनुपस्थिति का कारण जानने और सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पहले निदेशक दो प्राइवेट डीएलएड कॉलेज का भी निरीक्षण कर चुके हैं। बीकानेर से जयपुर जाते समय आमतौर पर निदेशक स्कूलों का निरीक्षण करते हैं। कई बार ऑफिस से अचानक निकलकर भी निरीक्षण करने पहुंच जाते हैं। मिड डे मिल को चैक करने के लिए पिछले महीने निदेशक स्कूल में जमीन पर बैठकर भोजन भी करने लगे थे।


