बांसवाड़ा में मंगलवार की रात बाइक सवार तीन युवकों के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। तेज रफ्तार बाइक ने कुत्ते को टक्कर मार दी, लेकिन बाइक का बैलेंस भी बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीसरे युवक का इलाज जारी है। हादसा दानपुर थाना क्षेत्र के तीलगारी गांव में देर रात हुआ। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया और तीनों घायल युवकों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल छोटी सरवन पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल बांसवाड़ा रेफर कर दिया गया, जहां प्रवीण(21) पुत्र कांतिलाल चरपोटा और मनोज(18) पुत्र नरपत निवासी आंबा पाड़ा की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया दिया है। पुलिस के अनुसार- तीनों युवक जुआफॉल में गए थे। देर रात वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने आए एक कुत्ते के कारण हादसा हो गया। दानपुर थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया- हादसे में घायल तीसरे युवक सेवालाल को उपचार के बाद वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं प्रवीण और मनोज के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।


