सिंगरौली के खुटार–रजमिलान मार्ग पर सड़क मरम्मत कार्य के दौरान एक श्रमिक की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा आज सुबह करीब 9 बजे हुआ, जिसमें बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बिरहा निवासी 35 वर्षीय पवन शाह सड़क निर्माण कार्य में लगे हुए थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे 30 वर्षीय बाइक चालक गणेश शाह ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान पवन शाह ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक गणेश शाह को बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना देर से मिलने पर उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया। मृतक की रिश्तेदार अनीता शाह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना सूचना दिए पवन शाह को ट्रॉमा सेंटर पहुंचा दिया था। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सूचना मिलती तो वे तुरंत अस्पताल पहुंच जाते। सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। परिजनों का यह भी आरोप था कि सड़क निर्माण कार्य में श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने के बाद प्रशासन ने मृतक के परिजनों को प्राथमिक तौर पर 1,25,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की, जिसके बाद मामला शांत हुआ। स्थानीय लोगों और परिजनों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि सुरक्षा इंतजामों की कमी से ऐसे हादसे होते रहते हैं।


