दौसा जिले में ग्राम पंचायत और पंचायत समितियों के पुनर्गठन का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। इसके विरोध में बुधवार को दौसा पंचायत समिति के सदस्य ने इस्तीफा दे दिया। सदस्य रजनीश शर्मा धर्मपुरा ने प्रधान प्रहलाद मीणा को अपना इस्तीफा सौंपा। साथ में भाजपा कुंडल मंडल के बूथ अध्यक्ष गुलाबचंद शर्मा और सुभाष शर्मा ने भी भाजपा जिलाध्यक्ष को इस्तीफा भेजा है। इस्तीफे में बताया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। मेरा गांव पिछले कई दशकों से भाजपा के पक्ष में 80% वोटिंग करता आया है। उसके बाद भी भाजपा ने मेरे गांव की अनदेखी की है। कुण्डल गांव जनसंख्या व भौगोलिक दृष्टि से धर्मपुरा ग्राम पंचायत बनने का हकदार है तथा कलेक्टर ने 6 अप्रैल 2025 को हमारे गांव को नवसृजित ग्राम पंचायत बनाने की अनुशंसा की है। इसके बावजूद भी भाजपा नेताओं ने हमारे गांव को अनदेखा करके कलेक्टर द्वारा भेजे गए प्रस्ताव से उनके गांव का नाम हटवा दिया। इसके विरोध में आगामी निकाय चुनाव, पंचायत राज, विधानसभा और लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इसे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला का कहना है कि कुंडल क्षेत्र के 3 पदाधिकारियों में इस्तीफे दिए थे, जिन्हें नामांजूर कर दिया गया है।


