सीधी नगर पालिका बैठक में हेलमेट पहनकर पहुंचे बीजेपी पार्षद:बोले- पहले की मीटिंग में पानी की बोतलों से हमला हुआ था, हम डर में हैं

सीधी नगर पालिका परिषद की बुधवार को हुई बैठक में भाजपा के पांच पार्षद मारपीट की आशंका के चलते हेलमेट पहनकर सभागृह में पहुंचे। उन्होंने इसे अपना सांकेतिक विरोध बताया। हेलमेट पहनने वाले पार्षदों में पूनम सोनी, बाबूलाल, आनंद परियानी, जमुना कोल और जायसवाल शामिल थे। बैठक शुरू होने से पहले ही इन पार्षदों को हेलमेट पहने देखकर अधिकारी, कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि हैरान रह गए। यह घटना पूरे परिषद परिसर में चर्चा का विषय बन गई। पहले की मीटिंग में हिंसक माहौल बना था भाजपा पार्षदों ने बताया कि पिछली कुछ बैठकों में जिस तरह का तनावपूर्ण और हिंसक माहौल बना था, वह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि विरोध स्वरूप और अपनी सुरक्षा के लिए वे हेलमेट पहनकर बैठक में शामिल हुए हैं। पार्षदों के अनुसार, अब परिषद की बैठकों में भी सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता पड़ने लगी है, जो एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। पहले पानी की बोतलों से भी हमला हुआ था करीब डेढ़ महीने पहले हुई परिषद की एक बैठक में पार्षद दान बहादुर सिंह और आनंद सिंह के बीच तीखी बहस हुई थी। यह बहस इतनी बढ़ गई थी कि हाथापाई हुई और पानी की बोतलों से भी हमला किया गया था। इस घटना में दोनों पार्षद घायल हुए थे, जिसके बाद नगर पालिका में अनुशासनहीनता पर सवाल उठे थे। बुधवार की बैठक में मौजूद पार्षद पूनम सोनी ने कहा, “हम सभी भाजपा के पार्षद हैं और पिछली बार जो घटना हुई थी, उससे हम डरे हुए थे। इसलिए इस बार हम हेलमेट पहनकर आए हैं ताकि कम से कम अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।” इस मामले पर नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मिनी अग्रवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पार्षद हेलमेट पहनकर क्यों आए, यह वही बता सकते हैं। हालांकि, पिछली घटना के बाद हमने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस बार किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पार्षदों के अनुसार यह एक सांकेतिक विरोध था।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *