धार के भक्तावर मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक एटीएम में एक व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड बदलकर 30 हजार रुपये की ठगी की वारदात सामने आई है। पीड़ित हीरालाल सोलंकी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना 19 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 2 बजे हुई। सोलंकी एटीएम से पांच हजार रुपये निकाल रहे थे, तभी उनके पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने उनका पिन देख लिया। मौका पाकर युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया, जिसकी जानकारी सोलंकी को नहीं हुई। कुछ ही देर बाद, पीड़ित के खाते से 10-10 हजार रुपये के तीन ट्रांजेक्शन हुए, जिससे कुल 30 हजार रुपये किसी अन्य एटीएम से निकाल लिए गए। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने बैंक को पत्र जारी कर घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि फरियादी का आवेदन प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि एटीएम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश शुरू कर दी गई है। चौहान ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जाएगी और जल्द ही पीड़ित को उसके पैसे लौटा दिए जाएंगे।


