डिंडौरी में मेहदवानी पुलिस ने 19 नवंबर को कोड़ाझिर गांव में हुई एक हत्या के मामले का खुलासा किया है। बुधवार को पुलिस ने मृतक की भतीजी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। भतीजी को शक था कि उसके चाचा ने जादू-टोना कर उसे बीमार कर दिया है, जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। थाना प्रभारी श्याम सुंदर उसराठे ने बताया कि आरोपियों ने 19 नवंबर को सुबल शाह को पहले जंगल में ले जाकर पीटा था। उसी रात करीब 11:30 बजे वे घर में घुस गए और कुल्हाड़ी मारकर उनकी हत्या कर दी। प्रेमी के साथ मिलकर चाचा को मारा मृतक की बहू ने पुलिस को बताया कि भोड़ा साज निवासी प्रेम सिंह मरावी का सुखवती धुर्वे से प्रेम संबंध था। सुखवती मृतक सुबल शाह की भतीजी थी। वह अपने चाचा से झाड़-फूंक करवाती थी। आरोपियों को शक था कि मृतक जादू-टोना कर रहा है, जिसके कारण सुखवती ठीक नहीं हो पा रही थी। इसी शक के आधार पर प्रेम सिंह मरावी ने अपने साथी अनूप सिंह मरावी (भोड़ा साज) और प्रदीप मरावी (ताला निवासी) के साथ मिलकर सुबल शाह की हत्या कर दी।


