विवादित बयान पर IAS संतोष वर्मा का पुतला फूंका:ब्राह्मण सभा पदाधिकारियों ने गंदी मानसिकता के व्यक्ति को पद से हटाने की मांग

IAS संतोष वर्मा के बयान के बाद उनका विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सवर्ण आर्मी, ब्राह्मण समाज और करणी सेना ने संतोष वर्मा का पुतला दहन किया। साथ ही एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन के जरिए संतोष वर्मा पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। तीनों संगठनों के कार्यकर्ता हनुमान चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां संतोष वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनके पुतले पर जूते चप्पल बरसाए। इसके बाद पुतले का दहन किया गया। यहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि अजाक्स के सम्मेलन में संतोष वर्मा ने ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी की थी और बोला की कोई “ब्राह्मण अपनी बेटी को मेरे बेटे के लिए दान दे दे या मेरे बेटे से कोई ब्राह्मण कन्या अवैध संबंध बना ले तब तक आरक्षण जारी रहेगा।” इस बयान की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन में बताया गया कि यदि कोई IAS अधिकारी सामान्य जाति के लोगों और महिलाओं के बारे में अपमानजनक या अभद्र टिप्पणी करता है, तो उसे गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई और आपराधिक कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, भले ही वह किसी भी जाति का हो। ऐसी टिप्पणियाँ सिविल सेवा आचरण नियमों और भारतीय कानूनों का उल्लंघन हैं। एक IAS अधिकारी का पद गरिमा और जिम्मेदारी की मांग करता है। जाति या लिंग के आधार पर की गई कोई भी अपमानजनक टिप्पणी न केवल सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि एक आपराधिक कृत्य भी है, जिसके परिणामस्वरूप नौकरी खोने से लेकर जेल जाने तक की सजा हो सकती है। इस अवसर पर सर्व सनातन समाज, करणी सेना, सवर्ण आर्मी, जिला ब्राह्मण समाज और अलग-अलग समाज सेवी एवं अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *