देवास की भौरासा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रैक्टर के टायर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.60 लाख रुपये मूल्य के 9 बड़े सीएट कंपनी के ट्रैक्टर टायर बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक देशी 12 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है। यह घटना 25 नवंबर 2025 को सामने आई, जब फरियादी आनंद कुमार द्विवेदी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे अपने कंटेनर (MH04LE6157) से मुंबई से मंडीदीप जा रहे थे। इसी दौरान भौरासा कंजर नाका और बीआर रिसॉर्ट के बीच अज्ञात चोरों ने कंटेनर का ताला काटकर 9 बड़े ट्रैक्टर टायर चुरा लिए थे। इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 475/2025 धारा 303(2), 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही कपिल पिता पर्वत कंजर (32 वर्ष) निवासी कंजर नाका सुमराखेड़ी को हिरासत में लिया। कपिल की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध 12 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस पर उसे आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी कपिल ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर से टायर चोरी किए थे और उन्हें सड़क किनारे एक खंती में छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सभी 9 चोरी गए टायर, चोरी में इस्तेमाल किया गया एक नीला कटर और घटना में उपयोग की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। जब्त किए गए कुल सामान का मूल्य 2.50 लाख रुपये बताया जा रहा है।


