सदर बाजार में अंधाधुंध फायरिंग के 3 आरोपी पकड़ाए:झांसी, औरैया और भिंड से आए थे शूटर, व्यापारी बोले-इस बार एनकाउंटर चाहिए

ग्वालियर के सदर बाजार में अंधाधुंध फायरिंग मामले में पुलिस ने घटना के 48 घंटे बाद बुधवार को 3 आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। जिनमें एक हिमांशु यादव निवासी गुरसराय झांसी यूपी है। CCTV फुटेज में यह ज्वेलरी शॉप के अंदर गोलियां चलाता नजर आ रहा है। दूसरा आरोपी अरविंद यादव है। इसकी उम्र 20 साल है। यह गैंगस्टर कपिल यादव का छोटा भाई है। इसे सदर बाजार की घटना का मास्टर माइंड बताया जा रहा है। तीसरा आरोपी अमित यादव निवासी बड़ागांव पकड़ाया है। यह उस दिन घटना स्थल के आसपास था या नहीं इसकी पड़ताल जारी है, लेकिन 21 नवंबर को बदमाशों ने एक भाजपा नेता पर हमला किया था उसमें यह शामिल था। दूसरी ओर, 3 आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित है। घटना वाले दिन पकड़ाए 2 गैंगस्टर
दो आरोपी गैंगस्टर कपिल यादव और अमन यादव 24 नवंबर की सुबह शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़े गए थे। उनके पकड़े जाने के बाद उसी दिन दोपहर में मुरार के सदर बाजार में व्यापारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। व्यापारियों ने की एनकाउंटर की मांग
मुरार के व्यापारी और पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि व्यापारियों का कहना है कि बहुत सहन कर लिया है। अब पुलिस से सीधा परिणाम चाहिए। बार-बार की खटर-पटर नहीं चाहिए। मतलब व्यापारी बदमाशों का सीधा खात्मा चाहते हैं। व्यापारियों ने पहले पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन अब समय-सीमा की चुनौती खत्म करते हुए जल्द बदमाशों की धरपकड़ करने की बात कही है। सीसीटीवी फुटेज से की बदमाशों की पहचान
सदर बाजार में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों की पहचान पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर की है। सोमवार को फायरिंग करने वाले बदमाशों में नितिन यादव (कपिल यादव के ताऊ का लड़का) निवासी बड़ागांव मुरार, हिमांशु उर्फ छोटू यादव निवासी गुरसरांय झांसी यूपी, कपिल उर्फ गौतम शर्मा निवासी बंधौली उटीला, रामू उर्फ सतेंद्र यादव निवासी भवानीपुरा औरैया यूपी, हाल निवासी मौ भिंड मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। सभी बदमाश बेहद शातिर थे और इनको लीड कपिल के ताऊ का लड़का नितिन यादव कर रहा था। बदमाशों की तलाश में 8 स्पेशल टीम दे रहीं दबिश
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने सदर बाजार में ताबड़तोड़ गोलियां चलाने वाले बदमाशों की तलाश में 80 पुलिस अधिकारी व जवान को मिलाकर आठ स्पेशल टीम का गठन किया गया था। इसमें क्राइम ब्रांच, मुरार थाना समेत अन्य थानों के चुनिंदा तेज तर्रार नेटवर्क वाले पुलिस जवान व अफसर शामिल किए गए हैं। यह पुलिस की टीम झांसी, आगरा, ग्वालियर, दतिया, भिंड व मुरैना में दबिश दे रही हैं। बाइक सवार विवेक यादव की तलाश
बाजार में गोलीबारी के बाद जौरासी घाटी पर बदमाशों का पुलिस से सामना हुआ तो अपाचे बाइक वहीं छोड़कर बदमाश जंगल में कूद गए थे। पुलिस ने भी उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश नहीं मिले। बरामद बाइक अनिल कुशवाह पुत्र रूपसिंह निवासी बंधौली उटीला की है। पुलिस अनिल कुशवाह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जिस पर उसने कालू को बाइक देना बताया है। जबकि घटनास्थल पर जिस बाइक का उपयोग किया गया, उस बाइक का मालिक विवेक यादव पुत्र भूरे यादव निवासी बड़ागांव है, जो अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आया है। उसकी तलाश में भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। दहशत के बाद खुले बाजार
सोमवार को अंधाधुंध फायरिंग के बाद सदर बाजार का सराफा बाजार पूरी तरह बंद हो गया था। घटना के 24 घंटे बाद बदमाश नहीं पकड़े जाने से व्यापारियों में आक्रोश था। मंगलवार को बाजार बंद रखा जाता है, लेकिन दहशत के बीच बाजार में दुकानें खोली गईं। मंगलवार दोपहर 2 बजे व्यापारी महावीर जैन व उनके परिवार से मिलने के लिए चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज मध्य प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल अन्य सदस्यों के साथ आए। प्रवीण अग्रवाल ने व्यापारियों से बात की और हर घड़ी उनके साथ चेंबर के खड़े होने का आश्वासन दिया है। साथ ही व्यापारियों ने कहा कि पुलिस को एक्शन का पूरा समय दे रहे हैं यदि पुलिस असफल होती है तो आंदोलन किया जाएगा। करोड़ों की जमीन बनी जान की दुश्मन
ऐसा पता लगा है कि कारोबारी महावीर जैन ने आठ साल पहले बड़ागांव में एक जमीन खरीदी थी। जिसकी कीमत लाखों में थी, लेकिन दो साल बाद ही इस जमीन की कीमत में अचानक उछाल आया और यह जमीन करोड़ों रुपए की हो गई। यहीं से दुश्मनी शुरू होती है। कपिल यादव व उसके परिवार की इस जमीन पर नजर खराब हो गई। यही कारण है कि बीते चार साल में कपिल यादव ने कई बार कारोबारी महावीर जैन व उसके परिवार पर हमला किया है। चार साल में बार-बार हमला
सराफा कारोबारी महावीर जैन की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार हमला हो चुका है। साल 2023 में जब महावीर जैन अपनी जमीन पर ट्रैक्टर चलवा रहे थे। तभी बदमाश कपिल यादव व उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। व्यापारी और उसके बेटे ने घटनास्थल के पास एक स्कूल में छिपकर जान बचाई थी। बदमाशों ने स्कूल के बाहर पहुंचकर भी फायरिंग की थी। उसके बाद दो बार फिर हमले का प्रयास किया। जिस कारण साल 2024 में व्यापारी ने सीएम को पत्र लिखकर पलायन की चेतावनी दी थी। पुलिस के दबाव के चलते साल 2024 में बदमाश कपिल यादव ने सरेंडर कर दिया था पर जब वह जमानत पर बाहर आया तो शहर की सड़क पर जुलूस निकाला था। ऐसे समझिए पूरा घटनाक्रम
शहर के उपनगर मुरार स्थित सदर बाजार में सोमवार (24 नवंबर 2025) को बाइक सवार चार से पांच बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। बाजार के व्यापारियों की मानें तो बदमाशों ने 20 से 25 गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद महावीर जैन की दुकान में लगे CCTV कैमरे से पुलिस ने 33 सेकेंड का फुटेज बरामद किया है। बदमाश दुकान में एक मिनट तक ठहरा था, लेकिन यह 33 सेकंड का फुटेज ही अपने आप में पूरी कहानी बताने के लिए काफी है। इसमें नकाबपोश बदमाश अंदर आता और एक के बाद एक तीन गोलियां चलाता नजर आ रहा है। पहली गोली चलते ही कारोबारी महावीर जैन का बेटा आकाश जैन कुर्सी के पीछे छुप जाता है। इसके बाद बदमाश अंदर आकर दो गोलियां और चलाता है। जिसमें एक गोली का छर्रा वहां दुकान में बैठे आगरा के कैटर्स गुड्‌डू जैन काे लगा था। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा- व्यापारी वर्ग निश्चित रहें। पुलिस पूरी मुश्तैदी के साथ बदमाशों के पीछे लगी है। जल्द ही सभी बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। ये खबर भी पढ़िए… ग्वालियर में ज्वेलरी शॉप में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई ग्वालियर के उपनगर मुरार के सदर बाजार में सोमवार दोपहर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी महावीर जैन की दुकान को टारगेट कर ताबड़तोड़ फायरिंग की। चार से पांच बदमाश दो बाइक पर आए और 10 मिनट में 20–25 राउंड फायर किए। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *