केंद्र में पदस्थ एमपी कैडर के आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल को वर्तमान दायित्वों के साथ कल्चर मिनिस्ट्री की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके एक हफ्ते पहले एमपी कैडर में पदस्थ अपर सचिव स्तर के अधिकारी अविनाश लवानिया को सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के अंतर्गत दिल्ली में पदस्थ किया गया है, जिसके लिए राज्य सरकार जल्द ही उन्हें रिलीव करेगी। भारत सरकार के कैबिनेट अपाइंटमेंट्स कमेटी (डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग) ने बुधवार को जारी आदेश में केंद्र में टूरिज्म मंत्रालय में सचिव के पद पर पदस्थ एमपी कैडर के 1994 बैच के अधिकारी विवेक अग्रवाल को सचिव संस्कृति (कल्चर) मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार तत्काल प्रभाव से सौंपा है। वे अपने वर्तमान दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। टूरिज्म और कल्चर डिपार्टमेंट वर्तमान में केंद्र की और एमपी की सरकारों की प्राथमिकता में हैं। इसके पहले एमपी कैडर के एक अन्य अधिकारी 2009 बैच के अविनाश लवानिया की पदस्थापना सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के अंतर्गत किसान कल्याण और कृषि विभाग दिल्ली में पांच साल की अवधि के लिए की गई है। केंद्र सरकार ने एमपी के चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखकर तीन हफ्ते में लवानिया को दिल्ली में हुई पदस्थापना के लिए रिलीव करने के निर्देश दिए हैं।
लवानिया अभी एमपी पावर मैनेजमेंट कम्पनी के एमडी हैं। इसके पहले पिछले माह एमपी कैडर के आईएएस अधिकारी प्रीति मैथिल और सूफिया फारुकी वली की पदस्थापना केंद्र सरकार की अधीन हो चुकी है। हालांकि ये दोनों ही अधिकारी ट्राइफेड और एफसीआई में एमपी में ही पदस्थ रहकर काम कर रही हैं।


