झालावाड़ जिले में राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर सोयाबीन और उड़द की खरीद शुरू कर दी गई है। जिले में कुल 12 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें झालरापाटन, भवानीमंडी, सुनेल (उपकेन्द्र), खानपुर, अकलेरा, चौमहला, डग (उपकेन्द्र), बकानी, मनोहरथाना (उपकेन्द्र), रायपुर, असनावर और पिड़ावा ग्राम सेवा सहकारी समितियां शामिल हैं। झालावाड़ के उप रजिस्ट्रार अवतार सिंह मीना ने बताया कि सोयाबीन का समर्थन मूल्य 5328 रुपए प्रति क्विंटल और उड़द का समर्थन मूल्य 7800 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खरीद प्रक्रिया 24 नवंबर से शुरू हो चुकी है। राजफैड जयपुर द्वारा पंजीकृत किसानों को उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर निर्धारित तिथि पर अपनी उपज तुलवाने के लिए सूचित किया जा रहा है। किसानों को अपनी उपज (एफ.ए.क्यू. मापदंड अनुसार) निर्धारित तिथि पर खरीद केंद्र पर विक्रय करने के लिए पहुंचना होगा। यदि कोई किसान किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर अपनी जिंस विक्रय नहीं कर पाता है, तो वह 10 दिनों की अवधि में कभी भी अपनी उपज तुलवा सकता है। हालांकि, 10 दिनों की अवधि के बाद जिंस की तुलवाई नहीं की जा सकेगी। खरीद से संबंधित अन्य जानकारी के लिए किसान राजफैड जयपुर के हेल्पलाइन नंबर 18001806001 पर संपर्क कर सकते हैं।


