आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र बनाने में देरी पर कलेक्टर नाराज:APAR ID में बिलासपुर जिला पीछे; मिशन मोड में काम करने के निर्देश

बिलासपुर में जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र बनाने में अपेक्षित प्रगति न होने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संकुल शैक्षिक समन्वयकों की समीक्षा बैठक बुलाकर बीईओ और सीएससी को प्रमाण पत्र बनाने का लक्ष्य दिया। जिले में अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने की धीमी गति चिंता का विषय बनी हुई है। इस संबंध में मंथन सभा कक्ष में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल स्रोत समन्वयक और विकासखंड स्रोत समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई। मिशन मोड में काम करने के निर्देश बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र के साथ-साथ मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत रिमेडियल कोचिंग के लिए भी कार्य योजना बनाने को कहा। बच्चों की अपार आईडी (APAR ID) बनाने में जिले का स्थान प्रदेश में 26वां होने पर कलेक्टर ने सभी को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएससी को सभी विद्यालयों में आधार कार्ड अपडेट होने के बाद अपार आईडी और यू-डाइस प्लस (UDISE+) के निर्माण में तेजी लाने के लिए कहा। वर्तमान में आधार कार्ड बायोमेट्रिक अपडेशन कैंप चल रहा है। बैठक में ये रहे मौजूद समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, एडीएम ज्योति पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे, समग्र शिक्षा के सहायक जिला परियोजना अधिकारी रामेश्वर जायसवाल सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी और संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *