बुरहानपुर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की गति बढ़ाई जा रही है, लेकिन बाहर से ब्याह कर आईं बहुओं की जानकारी समय पर न मिलने से बीएलओ को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बुधवार को मॉनिटरिंग पर पहुंचे अधिकारियों के सामने भी अधिकांश बीएलओ ने यही समस्या रखी। अधिकारियों ने जानकारी जल्द एकत्र कर गणना पत्रक में भरने के निर्देश दिए हैं। एसआईआर काम 4 नवंबर से चल रहा है। मॉनिटरिंग के दौरान बीएलओ ने अधिकारियों को बताया कि बाहर से आईं बहुओं की जानकारी समय पर नहीं मिल रही है। इससे गणना पत्रक भरने में देरी हो रही है। अधिकारियों ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे तुरंत लोगों से संपर्क कर बहुओं की जानकारी जुटाएं और उसे समय पर फीड करें। नेपानगर क्षेत्र में 78% फीडिंग पूरी नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 78% गणना पत्रकों की फीडिंग पूरी हो चुकी है। बाकी कार्य जल्द खत्म कराने के लिए अधिकारी लगातार बीएलओ से संपर्क में हैं। बुधवार को नेपानगर एसडीएम और ईआरओ भागीरथ वाखला ने असीरगढ़, दहीनाला और आसपास के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। असीरगढ़ में लापरवाही पर एक बीएलओ को फटकार भी लगाई गई। मांडवा और बाकड़ी में भी बहुओं की जानकारी मुख्य समस्या जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त भारत जांचपुरे ने मांडवा और बाकड़ी गांवों का निरीक्षण किया। यहां भी अधिकांश बीएलओ ने बताया कि फालिया दूर होने और बहुओं की जानकारी समय पर न मिलने से काम में देरी हो रही है। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त ने ग्रामीणों से कहा कि वे जल्द से जल्द फॉर्म जमा करें। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि काम समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए। अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी, 28 नवंबर तक 80% लक्ष्य एसआईआर को समय पर पूरा करने के लिए मांडवा और बाकड़ी में 10 शिक्षकों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। सभी शिक्षकों को 28 नवंबर तक 80% लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में भातखेड़ा संकुल प्राचार्य संगीता कानफाडे, जन शिक्षक राजेश कापड़े सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


