जशपुर SP ऑफिस में 16 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक शपथ दिलाई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संविधान के मूलभूत मूल्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने का संकल्प दोहराया। सभी ने एक साथ कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता के आदर्श पुलिस बल सहित प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च दायित्व हैं। संविधान के अनुसार काम करने की प्रतिज्ञा इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना में वर्णित मूल्यों को अपने जीवन, व्यवहार और कर्तव्यों में शामिल करने की प्रतिज्ञा ली। इस कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी परिजात मिश्रा और SP ऑफिस का पूरा स्टाफ शामिल था। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया। समापन पर एसएसपी ने जोर दिया कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था का संरक्षक नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों और मानवाधिकारों का भी प्रहरी है।


