पहली किस्त 6 जनवरी, दूसरी 15 जनवरी को खाते में जमा होगी झारखंड की 56 लाख महिलाओं के खाते में इस महीने मंईयां सम्मान योजना के 5000 रुपए आएंगे। 2500 रुपए की पहली किस्त छह जनवरी को ट्रांसफर होगी, जबकि दूसरी किस्त 15 जनवरी को दी जाएगी। अब तक इस योजना के तहत हर महीने 1000 रुपए मिलते थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि दोबारा उनकी सरकार बनने पर दिसंबर से यह राशि बढ़ाकर 2500 रुपए कर दी जाएगी। सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में बढ़ोतरी का फैसला ले लिया गया। इसके बाद 28 दिसंबर को मंईयां सम्मान समारोह आयोजित कर इन्हें 2500 रुपए की पहली किस्त देने का फैसला लिया गया। नामकुम में समारोह होना था, जिसमें करीब तीन लाख महिलाओं के जुटने की उम्मीद थी। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राज्य में सात दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया। इससे समारोह टल गया। अब छह जनवरी को फिर से समारोह आयोजित करने का फैसला लिया गया है। यह समारोह नामकुम के खोजा टोली ग्राउंड में होगा। इस बार भी समारोह में करीब तीन लाख महिलाओं के जुटने की उम्मीद है। अब गांव में बीडीओ, शहर में सीओ ऑफिस में भरे जाएंगे फॉर्म राज्य सरकार ने मंईयां सम्मान योजना का फॉर्म भरने की व्यवस्था में भी बदलाव कर दिया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और शहरी क्षेत्रों में अंचल अधिकारी (सीओ) के कार्यालय में फॉर्म भरे जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने बीडीओ और सीओ कार्यालय को इसकी सूचना दे दी है। गौरतलब है कि कॉमन सर्विस सेंटर से राज्य सरकार का समझौता खत्म हो गया है। इसके बाद 31 दिसंबर के बाद सीएससी में आवेदन लेने और उसके डिजिटलीकरण का काम बंद कर दिया गया है।


