रांची | झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव ने शुक्रवार को हाइकोर्ट परिसर में पुस्तक “न्याय पथ के पथिक’ का विमोचन किया। कार्यक्रम में हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश भी मौजूद रहे। हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस डॉ. एसएन पाठक द्वारा लिखित पुस्तक में रोचक न्यायिक मुद्दों के अलावा जस्टिस पाठक के न्यायिक जीवन से संबंधित बेहतर अनुभवों को भी साझा किया गया है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जस्टिस एसएन पाठक ने हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के कई केसों का जिक्र करते हुए आए दिन की केस स्टडी के आधार पर कानूनी बारीकियों को पुस्तक में समाहित किया है। जस्टिस डॉ. एसएन पाठक ने कहा कि पुस्तक में अपने जीवन के कानूनी अनुभवों को साझा किया है। पुस्तक विमोचन में झारखंड बार काउंसिल के चेयरमैन राजेंद्र कृष्ण, अनिल कुमार, एडवोकेट रितु कुमार, महाधिवक्ता राजीव रंजन, वरीय अधिवक्ता वीपी सिंह, राजीव शर्मा, धीरज कुमार, नवीन कुमार आदि मौजूद थे।


