भास्कर न्यूज | अमृतसर बटाला रोड संधू एवेन्यू बैंक ऑफ इंडिया वाली गली में बिजली की हाई वोल्टेज आने से लोगों के घरों का इलैक्ट्रानिक सामान जल गया। लोगों ने इसकी शिकायत पावरकॉम अधिकारियों को की है। इलाकावासी नवनीत बलिहार, पंडित रमन कुमार, कुणाल कपूर, सतनाम सिंह, साहिल गुप्ता, वरुण मेहरा ने बताया कि दो दिन पहले उनके इलाके में अचानक बिजली की वोल्टेज ज्यादा आ गई। जिससे उनके घरों में लगे मोबाइल चार्जर, सबमर्सिबल मोटर, टीवी, बिजली मीटर, इन्वर्टर, रसोई की चिमनी, फ्रिज, एग्जॉस्ट फैन, सीसी कैमरे, बल्ब, ट्यूबलाइट समेत अन्य इलेक्ट्रानिक सामान जल गया। जिससे उनका लाखों रुपए का नुकसान हो गया। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को इसके बारे कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। वहीं जिन लोगों का नुकसान हुआ है उनकी भरपाई करनी चाहिए। लोगों ने बार्डर जोन के चीफ इंजी से आग्रह किया है कि इस नुकसान की भरपाई इलाके के जेई और अन्य कर्मचारियों से करवाई जाए।


